रेवाड़ी में महिला कंडक्टर से कॉमनवेल्थ तक सफर:दिव्यांगता को मात दे चुकी 2 बच्चों की मां शर्मिला, अब पैरालंपिक 2028 लक्ष्य

हरियाणा के रेवाड़ी की शर्मिला धनखड़ ने रोडवेज की पहली महिला कंडक्टर से 2022 पैरा कॉमनवेल्थ खेलों तक का सफर तय किया है। एक पैर से 40 प्रतिशत दिव्यांग होते हुए भी हिम्मत नहीं हारी और 2022 पैरा कॉमनवेल्थ गेम में शॉट पुट में चौथा हासिल किया है। अब शर्मिला लॉस एंजिल्स 2028 पैरालिंपिक की तैयारी में जुटी हुई हैं। रेवाड़ी के सनसिटी की रहने वाली शर्मिला को साल 2018 हड़ताल के दौरान हरियाणा रोडवेज में कंडक्टर की नौकरी मिली थी। लेकिन हड़ताल खत्म हाेने के बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। 10 दिन तक लगातार बधाई का दौर चला लेकिन अचानक से नौकरी चली गई। जिसके बाद शर्मिला ने ठाना कि अब वह कुछ ऐसा करेगी, जो कोई उससे छीन न सके। शर्मिला के पति अजित ने कहा कि वे क्यों न खेल की तैयारी करे, जिससे उसे आसानी से नौकरी मिल जाए। उसके बाद उसने खेल शुरू किया। अब सरकारी नौकरी के ऑफर मिल रहे हैं, लेकिन उसका सपना बदल चुका है। पैरा कॉमनवेल्थ 2022 में चौथा स्थान इंग्लैंड के बर्मिंघम में आयोजित पैरा 2022 कॉमनवेल्थ खेलों में शर्मिला धनखड़ ने शॉट पुट में हिस्सा लिया तो वहां पर उन्हें चौथा स्थान मिला था। वहीं अब वे सितंबर 2025 के दौरान दिल्ली में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए तैयारी कर रही हैं। जिसमें उन्हें गोल्ड की पूरी उम्मीद है। जिससे उन्हें पैरालंपिक का कोटा भी मिलेगा। उन्होंने जो सपना देखा है, उसकी राह भी खुलेगी। चार से पांच घंटे बहा रही जिम में पसीना सितंबर 2025 के दौरान दिल्ली में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप और लॉस एंजिल्स 2028 पैरालिंपिक की तैयारी के लिए शर्मिला धनखड़ जिम में भी हर रोज 4 से 5 घंटे पसीना बहा रही हैं। शर्मिला हर रोज इतने ही समय थ्रो की प्रैक्टिस कर रही हैं। कोच विरेंद्र धनखड़ के साथ-साथ उन्हें पति अजित का भी इसमें पूरा सहयोग मिल रहा है। प्रैक्टिस पर पूरा फोकस करने के लिए वे सोनीपत शिफ्ट हो गई हैं। बेटियां भी स्टेट लेवल खिलाड़ी शर्मिला की दोनों बेटियां भी मां के नक्शे कदम पर चलते हुए खेल में ही कॅरियर बनाना चाह रही हैं। बड़ी बेटी अनुज (16) जेवलिन थ्रो और छोटी बेटी लक्ष्मी (12) लॉन्ग जंप खेल का अभ्यास कर रही हैं। दोनों ही स्टेट लेवल की खिलाड़ी हैं।