अमेरिकी बाजार गिरे, लेकिन सेंसेक्स 900 पॉइंट ऊपर:ये 79670 पर कारोबार कर रहा, निफ्टी में 280 पॉइंट की तेजी; जापानी बाजार भी 10% चढ़ा

अमेरिकी बाजारों में 2 साल की सबसे बड़ी गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार में आज यानी, 6 अगस्त को तेजी है। सेंसेक्स 1000 पॉइंट (1.15%) चढ़कर 79670 के स्तर पर है। निफ्टी भी 280 पॉइंट (1.19%) चढ़ा है। ये 24,340 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी ऑटो, मेटल और रियल्टी इंडेक्स 2% से ज्यादा चढ़े हैं। बैंक, आईटी, मीडिया में 1% से ज्यादा की तेजी है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 45 में तेजी और 5 में गिरावट है। टाटा मोटर्स सबसे ज्यादा 3% चढ़ा है। SBI लाइफ में आधार फीसदी से ज्यादा की गिरावट है। एक दिन पहले सोमवार को सेंसेक्स 2,222 अंक (2.74%) गिरकर 78,759 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में 662 अंक (2.68%) की गिरावट रही थी। यह 24,055 के स्तर पर बंद हुआ। BSE का मिडकैप इंडेक्स 1,718 अंक (3.60%) की गिरावट के साथ 45,956 के स्तर पर बंद हुआ। स्मॉलकैप इंडेक्स 2,297 अंक (4.21%) टूटा था। चार बड़ी बातें जो बाजार की चाल तय करेगी
1. रिजर्व बैंक की मीटिंग: रिजर्व बैंक की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग आज से शुरू हो रही है। 8 अगस्त 2024 को RBI गवर्नर शक्तिकांत दास मीटिंग में लिए फैसलों की जानकारी देंगे। एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि RBI ब्याज दरों पर 6.5% पर अपरिवर्तित रहेगी। 2. कंपनियों के तिमाही नतीजे: इस हफ्ते 900 से ज्यादा कंपनियों के पहली तिमाही के नतीजे आएंगे। आज टाटा पावर, TVS मोटर्स, बाटा, रेमंड जैसी कंपनियां अप्रैल-जून तिमाही के नतीजे जारी करने वाली है। कंपनियों के नतीजों का असर बाजार के सेंटीमेंट पर पड़ता है। 3. ग्लोबल मार्केट की चाल: सोमवार को अमेरिकी बाजार डाओ जोंस 2.60% गिरकर 38,703 के स्तर पर बंद हुआ। नैस्डैक भी 3.43% गिरा। ये 16,200 के स्तर पर बंद हुआ। आज एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 10% ऊपर है। गिफ्ट निफ्टी भी 0.81% चढ़ा है। 4. विदेशी और घरेलू निवेशक: फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FIIs) ने 5 अगस्त को ₹10,073.75 करोड़ के शेयर बेचे। इस दौरान डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (DII) ने ₹9,155.55 करोड़ के शेयर खरीदे। यानी, विदेशी निवेशक अभी भी बिकवाली कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार में लगभग 2 साल की सबसे बड़ी गिरावट
सोमवार को अमेरिकी बाजार SP 500 3% गिर गया, सितंबर 2022 के बाद ये इसका सबसे खराब दिन रहा। इस गिरावट के साथ इंडेक्स जुलाई में अपने ऑलटाइम हाई से 8.5% नीचे आ गया, लेकिन यह अभी भी 2024 में 8.7% ऊपर है। बाजार को गिराने में सबसे आगे टेक कंपनियों के स्टॉक रहें। एपल के शेयर में 4.8% की गिरावट आई, जबकि मेटा और एनवीडिया में 2.5% और 6.4% की गिरावट देखी गई। इकोनॉमिक स्लोडाउन के कारण अमेरिकी बाजारों में ये गिरावट आई है। अजय केडिया बोले- पोर्टफोलियो में अभी डिफेंसिव स्टॉक रखें
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने बताया कि US की जॉब ग्रोथ रेट काफी स्लो रही है। इससे मंदी की आशंका बन रही है। इसके अलावा ईरान और इजराइल युद्ध के चलते जियो टेंशन्स भी बनी हुई हैं। रुपए में भी गिरावट है। अजय केडिया के अनुसार इस समय निवेशकों के पोर्टफोलियो में डिफेंसिव स्टॉक जैसे FMCG और फार्मा शेयर होने चाहिए। आने वाले कुछ समय में बाजार में डोमेस्टिक और ग्लोबल मैक्रो फैक्टर के कारण वोलेटिलिटी (उतार-चढ़ाव) देखने को मिल सकता है। ओला के IPO का आखिरी दिन, अब तक 1.12 गुना सब्सक्राइब
ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के IPO का आज आखिरी दिन है। अब तक ये IPO 1.12 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। 9 अगस्त को कंपनी के शेयर स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होंगे। सोमवार को बाजार में रही साल की दूसरी बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 2.74% टूटा
शेयर बाजार में सोमवार को 2,222 अंकों (2.74%) की गिरावट रही थी। ये इस साल यानी, 2024 की दूसरी बड़ी गिरावट है। इससे पहले लोकसभा चुनाव के नतीजों वाले दिन यानी, 4 जून को सेंसेक्स 4389 अंक (5.74%) की गिरावट के साथ 72,079 के स्तर पर बंद हुआ था।