जायद खान ने की ऋतिक-सुजैन के तलाक पर बात:कहा- मेरे ऋतिक से रिश्ते कभी नहीं बदले, हम एक न्यू मॉडर्न फैमिली हैं

बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन ने साल 2000 में एक्टर संजय खान की बेटी सुजैन खान से शादी की थी। 14 साल चली इस शादी से कपल के 2 बेटे हुए, हालांकि साल 2014 में दोनों ने तलाक ले लिया था। अब सुजैन खान के भाई जायद खान ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया है कि तलाक के बाद भी उनके ऋतिक से रिश्ते नहीं बिगड़े थे। ऋतिक ने ब्रदर इन लॉ होने की पूरी जिम्मेदारी निभाई है। इसके साथ ही जायद ने सुजैन और उनके मौजूदा बॉयफ्रेंड अरसलान गोनी पर बात करते हुए इसे एक मॉडर्न फैमिली कहा है। हाल ही में जूम को दिए एक इंटरव्यू के दौरान जायद खान से पूछा गया था कि क्या ऋतिक-सुजैन के तलाक के बाद उनके और ऋतिक के रिश्ते में कोई कड़वाहट आई थी। इसके जवाब में जायद ने कहा है, ऐसा कभी नहीं हुआ। चाहे कुछ भी हुआ हो, हम हमेशा एक जैसे ही रहे हैं। उन्होंने ब्रदर इन लॉ होने की हमेशा जिम्मेदारी निभाई है, चाहे रिश्ता हो या नहीं। ऐसा कभी नहीं हुआ। दिन के आखिर में उनके बच्चे मेरे बच्चे हैं। वो मेरे हाथों में बड़े हुए हैं। एक सेकेंड के लिए इस बात को दरकिनार भी कर दें, तो हम इसके लिए काफी मैच्योर हैं। जिंदगी में और भी दूसरी जरूरी चीजें हैं। ये उनकी अपनी मर्जी थी। जो होना था वो हो गया। आगे जायद ने ऋतिक-सबा और सुजैन-अरसलान के रिश्ते पर कहा है, हम एक नई मॉडर्न फैमिली की तरह हैं। ये बहुत क्रैजी है। हर कोई एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह कबूल करता है। यहां तक पहुंचने में सबको समय लगा है। अब सब साथ हैं, तो ये बहुत खूबसूरत लगता है। जायद खान ने इंटरव्यू में बताया है कि वो सभी साथ में पार्टी करते हैं। ऋतिक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ आते हैं, जहां सुजैन, अरसलान और बच्चे भी होते हैं। सब साथ एंजॉय करते हैं, जहां कोई गिले-शिकवे नहीं होते। जायद ने कहा है, सबकी जिदंगी में इतना कुछ चल रहा होता है कि किसी को आपस में कोई दिक्कत नहीं होती। हम एक ऐसा परिवार हैं, जो एक-दूसरे की जिंदगी को समझते हैं। बताते चलें कि ऋतिक रोशन ने साल 2014 में सुजैन खान से तलाक लिया था। तलाक के बाद ऋतिक रोशन बीते कुछ सालों से सिंगर सबा आजाद को डेट कर रहे हैं, जबकि सुजैन खान, अरसलान गोनी के साथ रिलेशनशिप में हैं। चारों को कई मौकों पर साथ देखा जा चुका है। जायद खान की बात करें तो वो आखिरी बार फिल्म शराफत गई तेल लेने में दिखे हैं। इसके बाद वो 2018 की वेब सीरीज हासिल का भी हिस्सा रहे हैं। फैंस को लंबे अर्से से उनके कमबैक का इंतजार है।