‘मैं और शम्मी एक दूसरे से बहुत प्यार करते थे’:वेटरन एक्ट्रेस मुमताज बोलीं- 17 साल की थी, जब उन्होंने प्रपोज किया था

वेटरन एक्ट्रेस मुमताज ने हालिया इंटरव्यू में शम्मी कपूर के साथ अपने रिलेशनशिप पर बात की है। मुमताज ने यह भी बताया कि क्यों 17 साल की उम्र में उन्होंने शम्मी कपूर के शादी का प्रस्ताव ठुकरा दिया था। मुमताज बोलीं- शम्मी कपूर से ज्यादा प्यार मुझे कोई नहीं कर सकता Rediff के साथ बातचीत में, मुमताज ने बताया कि कैसे शम्मी कपूर ने उन्हें तब प्रपोज किया था, जब वे सिर्फ 17 साल की थीं। मुमताज ने कहा- मैं 17 साल की थी। वो चाहते थे कि मैं अपना करियर छोड़ दूं। मुझे नहीं लगता कि कोई मुझे उतना प्यार दे सकता है, जितना उन्होंने मुझे दिया। मैं उन्हें कभी नहीं भूली। आज भी जब उनका नाम आता है, तो मेरी आंखों में आंसू आ जाते हैं। यह कोई लव अफेयर नहीं था, बल्कि उससे कहीं ज्यादा था। हम एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे। प्यार के आगे मुमताज को करियर चुनना पड़ा मुमताज ने बताया कि उस वक्त कपूर खानदान की महिलाएं काम नहीं कर सकती थीं। यही वजह रही कि उन्हें करियर के लिए अपने प्यार की कुर्बानी देनी पड़ी। उन्होंने कहा- वे (शम्मी कपूर) अपने परिवार की इच्छाओं का सम्मान करते थे। मुझे अपने करियर का सम्मान करना था। इसके अलावा मेरे पास दूसरा कोई रास्ता नहीं था। मैं और कर भी क्या सकती थी। मेरे पास अपने परिवार की भी जिम्मेदारी थी। एक स्ट्रगलर होने के बावजूद मुझे 8 लाख रुपए दिए जा रहे थे। मैं अपने समय की सबसे ज्यादा फीस चार्ज करने वाली एक्ट्रेस थी। शम्मी कपूर ने भी Lehren Retro को दिए इंटरव्यू में मुमताज के साथ अपने रिश्ते पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि कैसे उनका रोमांस एक बुरे सपने में बदल गया था। उन्होंने कहा था- उस समय मैं विधुर (जिसकी पत्नी की मृत्यु हो गई हो) था। मुमताज एक बहुत ही सुंदर छोटी लड़की थीं। थोड़े समय के लिए हम दोनों ने सपने देखे और फिर वह एक बुरे सपने में बदल गया। मैं आज जैसा हूं, खुश हूं। बता दें, शम्मी कपूर की पहली पत्नी गीता बाली का चेचक की वजह से निधन हो गया था। पहली पत्नी के गुजर जाने के बाद उन्होंने बच्चों के लिए दूसरी शादी नीला देवी से की थी। वहीं, 1974 में मुमताज ने बिजनेसमैन मयूर माधवानी से शादी की थी।