देश के सभी हिस्सों में मानसून जमकर सक्रिय है। मौसम विभाग (IMD) ने देश के 25 राज्यों में मंगलवार (6 अगस्त) को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में 6,7 और 8 अगस्त को बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। लैंडस्लाइड और बाढ़ के कारण 87 सड़कों को बंद किया गया है। वहीं, राजस्थान में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ के हालात हैं। पटरियों पर पानी भरने के कारण ट्रेनें कैंसिल की जा रही हैं। कुछ का रूट डायवर्ट किया गया है। पुष्कर सरोवर (अजमेर) ओवरफ्लो होने के कारण आसपास के होटल-घरों को खाली कराने के निर्देश दिए गए हैं। भारी बारिश और बाढ़ की आशंका देखते हुए टोंक, बालोतरा, जैसलमेर, नागौर और पाली के जिला कलेक्टरों ने 6 अगस्त को स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। इधर, मध्य प्रदेश में बारिश से छोटी-बड़ी नदियां उफान पर हैं। बरगी, बाणसागर जैसे 10 बड़े बांधों के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। जबलपुर में बरगी बांध 94% भर चुका है। उत्तराखंड में 17 हजार का रेस्क्यू, पुणे में बाढ़, मिजोरम में 12 अगस्त तक अलर्ट उत्तराखंड: भारी बारिश के कारण लैंड स्लाइड और बाढ़ प्रभावित 17 हजार लोगों का रेस्क्यू किया गया है। इनमें केदारनाथ यात्रा में फंसे तीर्थयात्री भी शामिल हैं। अब प्रभावित इलाकों में क्षतिग्रस्त पुल, बिजली के खंबे और कम्युनिकेशन लाइनों को ठीक करने का काम जारी है। अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है, इनमें 2 की मौत यात्रा मार्ग पर हुई है। महाराष्ट्र: पुणे जिले में भी बाढ़ से हालात खराब हैं। खड़कवासला डैम से पानी छोड़े जाने के बाद मुथा नदी उफान है। इसके कारण एकता नगर में पानी भर गया है। यहां पर आर्मी, NDRF, नागरिक प्रशासन की टीमें तैनात हैं। लोगों को खाने-पीने की चीजें मुहैया कराई जा रही हैं। सीएम एकनाथ शिंदे भी हालात में नजर रखे हुए हैं। मिजोरम: मौसम विभाग ने मिजोरम में भी 12 अगस्त तक भारी बारिश अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। राज्य सरकार ने लोगों को सतर्क रहने का कहा है। इमरजेंसी में टोल फ्री नंबर 112/1070 पर संपर्क करने का कहा है। देशभर से बारिश की फोटोज… 7 अगस्त को 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दो राज्यों में 12 सेमी से ज्यादा बारिश